मानसून ने बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, पूरे हफ्ते जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, आज इन जिलों में येलो अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार को छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर लिया है। जुलाई से पहले इसके पूरे प्रदेश को कवर करने की प्रबल संभावना है। फिलहाल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मेघगर्जन, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है। बता दें कि 1 जून से अब तक राज्य में 33.2 मिमी (1.3 इंच) वर्षा दर्ज हुई है, जबकी 108.2 मिमी (4.2 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यह सामान्य से करीब 69% कम है।
मंगलवार (23 जून 2026) को रायपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। साथ ही तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया, बलरामपुर, सरगुजा, सूरजपुर कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा में कुछ जगहों पर हल्की आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
मौसम केंद्र, रायपुर के मुताबिक, औसत समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है। एक द्रोणिका तेलंगाना से रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के असर से 25-26 जून तक प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा रह सकती है। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।
