Fri. Jun 26th, 2026

नये बाजारों की जरूरत, पुराने बाजारों में पानी की फायर प्रेशर लाइन बिछेः सुरेश बंसल

ग्वालियर। क्रियेटिव हाउस के संयुक्त अध्यक्ष पद के उम्मीदवार व प्रसिद्ध व्यवसायी सुरेश बंसल का कहना है कि ग्वालियर में अब नये बाजारों की जरूरत है और यह सभी बाजार शहर से बाहर बने, ताकि ग्वालियर में बाजार व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे और ग्वालियर के पुराने बाजारों को जाम, भीड़ से मुक्ति मिले। शुक्रवार को सांध्यदेश डाट काम से सुबह प्रचार के दौरान चर्चा में मप्र चेंबर आफ कामर्स के चुनावों में क्रियेटिव हाउस के मुख्य प्रत्याशी सुरेश बंसल ने कहा कि आज बाजारों की स्थिति आये दिन के जाम, भीड़ से बहुत बिस्फोटक हो चुकी है। दुकानदार व ग्राहक दोनों ही परेशान है। दुकानों से व्यापार करने वाले व्यापारी परेशान है और ठेलों व फुटपाथियों ने पूरे मार्केटों पर कब्जा जमा लिया है। 
बंसल ने कहा कि इसके कारण आये दिन होने वाली घटनाओं, आगजनी में न तो पुलिस और न ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां आ पाती है, जिससे जनहानि बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के बाजार सुव्यवस्थित हों और पुराने बाजारों दही मंडी, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, हेमराज मार्केट, मुरार सदर बाजार, डीडवाना ओली, कसेरा ओली जैसे घने बाजारों में जैसे गैस पाईपलाइन बिछी है, वैसे पानी की प्रेशर लाइन बिछानी चाहिये, ताकि आगजनी के समय इस प्रेशर लाइन से पानी की बौछार छोड़कर आग पर काबू पाया जा सकें। बंसल ने कहा कि वह इसके लिये प्रयास करेंगे और साडा जैसे क्षेत्र में सेक्टर स्तर पर बाजार बने और हर तरह के बाजार हों। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के बाजारों का अब हर जगह फैलाव होना चाहिये।
पांचों सीट जीतेंगे
सुरेश बंसल ने यह भी कहा कि उनके हाउस के सभी प्रत्याशी जीत रहे हैं, जो व्यापारी सदस्यों का सपोर्ट मिल रहा हैं वह काबिले तारीफ हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानसेवी सचिव, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष पद क्रियेटिव हाउस के कब्जे में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed