Wed. Jul 1st, 2026

आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा पहला T20 मुकाबला, वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर टिकी निगाहें, बारिश बिगाड़ सकती है खेल

चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड स्टेडियम में आज भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले पहले टी-20 मुकाबले पर बारिश का 80% असर रहने की संभावना है। वहीं, 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला है। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा। मैच का टॉस रात 9:30 बजे होगा।

दरअसल आयरलैंड के खिलाफ हाल ही में 2-0 से टी-20 सीरीज हारने के बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम जीत के साथ अपने इस नए अभियान की शुरुआत करना चाहती है। टीम आयरलैंड सीरीज की निराशा को पीछे छोड़कर इंग्लैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

क्या आज वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू हो सकता है?

वहीं सीरीज से पहले सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू को लेकर हो रही है। मंगलवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनके डेब्यू के सवाल पर कोई साफ जवाब नहीं दिया। अय्यर ने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने यह भी बताया कि टीम का संयोजन पूरी तरह अंदरूनी मामला होता है और वे अपनी रणनीति विरोधी टीम के सामने नहीं रख सकते। अय्यर ने सूर्यवंशी को बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वे शानदार प्रदर्शन करेंगे।

भारत और इंग्लैंड के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 30 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 18 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड ने 12 मुकाबलों में जीत हासिल की है। हालांकि, इंग्लैंड की धरती पर मेजबान टीम का रिकॉर्ड थोड़ा बेहतर रहा है। वहां खेले गए 9 मैचों में भारत को 4 जीत मिली हैं, जबकि इंग्लैंड ने 5 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 9 टी-20 सीरीज खेली गई हैं। इनमें भारत ने 5 सीरीज जीती हैं, जबकि इंग्लैंड ने 3 सीरीज अपने नाम की हैं। एक सीरीज ड्रॉ रही है। भारत ने पिछली पांचों सीरीज लगातार जीती हैं, जो उसके शानदार फॉर्म को दिखाती हैं।

शानदार फॉर्म में ईशान किशन

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2026 में अब तक 15 मुकाबले खेले हैं और 545 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 199.63 रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है। अर्शदीप सिंह के लिए भी यह साल विकेटों के लिहाज से शानदार रहा है। अर्शदीप ने 2026 में अब तक 14 मैच खेले हैं और 21 विकेट लिए हैं। हालांकि, उनका इकोनॉमी रेट 8.98 रहा है।

जैकब बेथेल पर रहेगी नजर

मेजबान इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने भी इस साल अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। बेथेल ने 2026 में अब तक 11 मैच खेले हैं और 143.19 के स्ट्राइक रेट से 305 रन बनाए हैं। उनके नाम इस साल एक शतक भी दर्ज है। इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद ने 2026 में 11 मुकाबले खेले हैं और 18 विकेट अपने नाम किए हैं।

इंग्लैंड के चेस्टर ली स्ट्रीट स्थित रिवरसाइड स्टेडियम की पिच को संतुलित माना जाता है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों को भी यहां अच्छी मदद मिलती है। नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है, जिसका फायदा गेंदबाज उठा सकते हैं। इस मैदान पर अब तक 5 टी-20 मैच खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 3 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 2 मैच जीते हैं। भारतीय टीम इस मैदान पर पहली बार खेलने जा रही है।

पॉसिबल प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड ने मैच से पहले ही अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है। जबकि, टीम इंडिया प्लेइंग-11 का ऐलान टॉस के समय करेगी।

भारत: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सुर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियम डॉसन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद और आदिल रशीद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed