Sat. Jul 4th, 2026

बारिश ने बिगाड़ा भारत और इंग्लैंड पहले T20 मुकाबले का रोमांच, अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर की शानदार पारियां गईं बेकार

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रोमांचक शुरुआत के बावजूद बिना नतीजे के खत्म हो गया। दरअसल रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बारिश ने पूरे मुकाबले का मजा खराब कर दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए, लेकिन मौसम ने इंग्लैंड को बल्लेबाजी का मौका ही नहीं दिया।

दरअसल टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। सिर्फ 6 रन के स्कोर पर संजू सैमसन और ईशान किशन पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद ऐसा लग रहा था कि भारत बड़ा स्कोर नहीं बना पाएगा, लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार साझेदारी कर मैच का पूरा रुख बदल दिया। दोनों ने तेजी से रन बनाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने शानदार पारी खेली

वहीं दो विकेट जल्दी गिरने के बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने केवल 24 गेंदों में 59 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनके और कप्तान श्रेयस अय्यर के बीच तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 82 रन की साझेदारी हुई, जिसने भारत को मैच में पूरी तरह वापसी दिलाई।

अभिषेक के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 47 गेंदों में 68 रन बनाए और अपनी पारी में 7 चौके लगाए। तिलक वर्मा के साथ उपयोगी साझेदारी करने के बाद अय्यर ने शिवम दुबे के साथ भी तेजी से रन जोड़े। शिवम दुबे ने अंत तक टिककर बल्लेबाजी की और 21 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए। उनकी पारी में 3 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि आदिल रशीद और सैम करन को एक-एक सफलता मिली।

बारिश बनी सबसे बड़ी विलेन

हालांकि भारतीय पारी के दौरान हल्की बूंदाबांदी होती रही, लेकिन खेल जारी रहा। लेकिन 20 ओवर पूरे होने के बाद बारिश अचानक तेज हो गई और मैदान को तुरंत कवर से ढकना पड़ा। अंपायरों और दोनों टीमों ने मौसम साफ होने का काफी इंतजार किया, लेकिन लगातार बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। निर्धारित समय तक इंतजार करने के बाद अंपायरों ने मुकाबले को आधिकारिक तौर पर रद्द घोषित कर दिया। इसका मतलब दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *