ग्वालियर स्टेशन पर चोरी के आरोप में युवक की पिटाई जीआरपी उपनिरीक्षक लाइन अटैच; मारपीट करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर चोरी के आरोप में एक युवक की यात्रियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। मामले में रेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जीआरपी उपनिरीक्षक को लाइन अटैच कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार घटना 29 जून की शाम करीब 4 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 की है। एक महिला यात्री ने आरोप लगाया कि एक युवक ने उसके कान से सोने की बाली खींचने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
बचने के लिए बच्ची को गोद में उठा लिया
मारपीट के दौरान युवक ने खुद को बचाने के लिए अपने साथ मौजूद एक बच्ची को गोद में उठा लिया, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसकी पिटाई जारी रही। इस दौरान किसी यात्री ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने युवक को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द किया था। आरोप है कि जीआरपी ने युवक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की और उसे छोड़ दिया। इसी को लेकर रेलवे पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हुए हैं।
रेल पुलिस मुख्यालय ने दिए जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद रेल पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर जीआरपी उपनिरीक्षक चेतन कोरोलिया को लाइन अटैच कर दिया गया है। अब पूरे मामले की विभागीय जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।
रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पिटाई करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद मारपीट करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
