Tue. Jul 7th, 2026

आज से दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर CM योगी आदित्यनाथ, काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे पूजा, यहां जानें पूरा कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 7 जुलाई से दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंच रहे हैं। वहीं इस दौरान उनका कार्यक्रम धार्मिक, प्रशासनिक और सरकारी योजनाओं से जुड़ा रहेगा। मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

दरअसल मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं वाराणसी में उनके कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ट्रैफिक संचालन के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है, ताकि आम लोगों और वीआईपी मूवमेंट दोनों को सुचारु रखा जा सके।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे

जानकारी दे दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम शाम के समय निर्धारित है। आगमन के बाद वह सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह काशी के कोतवाल माने जाने वाले काल भैरव मंदिर में भी पूजा करेंगे। मुख्यमंत्री जब भी वाराणसी आते हैं, तब इन दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन करना उनकी नियमित परंपरा का हिस्सा रहा है।

मांगलिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे मुख्यमंत्री

दरअसल धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मंत्री दयाशंकर मिश्र के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। अगले दिन चांदमारी स्थित कार्यक्रम स्थल पर शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। सरकार का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और इलाज की प्रक्रिया को आसान बनाना है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

निर्धारित समय के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा

वहीं मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिन मार्गों से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरेगा, वहां निर्धारित समय के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान से पहले कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन कुछ समय के लिए नियंत्रित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *