Sun. Sep 6th, 2026

सावन में महाकाल भक्तों को मिलेगा निशुल्क फलाहार, कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम

सावन के महीने में बाबा महाकाल का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री उज्जैन पहुंचते हैं। इन यात्रियों के लिए महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से निशुल्क भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए इंदौर रोड पर अस्थाई अन्नक्षेत्र का संचालन किया जाने वाला है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए महाकाल मंदिर उप प्रशासक ने बताया कि श्रावण भाद्रपद मास के प्रत्येक सोमवार पर देशभर से आने वाले भक्तों को परंपरा अनुसार अन्न क्षेत्र में निशुल्क फलाहारी प्रसाद उपलब्ध करवाया जाएगा। भक्त दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक महाप्रसादी ग्रहण कर सकेंगे।

20 साल से चल रही परंपरा

कावड़ यात्रियों के लिए महाकाल मंदिर समिति द्वारा श्री महाकाल महालोक के सामने पार्किंग परिसर में निशुल्क अन्न क्षेत्र का संचालन किया जाता है। मंदिर समिति द्वारा प्रतिदिन यहां पर 10000 भक्तों को भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई जाती है। सावन भादव मास के प्रत्येक सोमवार पर भक्तों के लिए निशुल्क फलाहार प्रसाद की व्यवस्था रहती है। यह परंपरा करीब 20 सालों से यहां चल रही है।

जगह की कर रहे तलाश

भक्तों के लिए अन्न क्षेत्र की इस सुविधा में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन प्रसादी की नई सुविधा को 2 साल पहले ही शुरू किया गया है। मंदिर समिति इंदौर रोड पर अस्थाई अन्नक्षेत्र का संचालन करती। इस साल भी कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। फिलहाल इंदौर रोड पर सिंहस्थ के निर्माण कार्य चल रहे हैं, ऐसे में स्थान की तलाश की जा रही है।

परोसे जाएंगे मालवी व्यंजन

मंदिर समिति द्वारा श्रावण मास में भक्तों को विशेष मालवी पकवान परोसने की तैयारी की जा रही है। हर सोमवार को फलाहार में साबूदाने की केसरिया खीर, शुद्ध देसी घी से बना राजगीरे का हलवा और ड्राई फ्रूट खिचड़ी के साथ आमटी परोसी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed