दतिया उपचुनाव 2026 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे, मैदान में BJP के आशुतोष तिवारी व कांग्रेस के घनश्याम सिंह
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई 2026 को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। इसके लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 2.20 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नतीजे 3 अगस्त 2026 को जारी होंगे।
राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने से रिक्त हुई इस सीट पर कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। दतिया उपचुनाव केवल उपचुनाव नही है, बल्कि कांग्रेस और बीजेपी के लिए साख और प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। एक तरफ मोहन सरकार और भाजपा संगठन के लिए यह उपचुनाव एक बड़ी परीक्षा है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के सामने इस सीट को बरकरार रखना बड़ी चुनौती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद यह हेमंत खंडेलवाल के सामने पहला उपचुनाव है, ऐसे में यह चुनाव और भी महत्वपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष की भी अग्निपरीक्षा है।
चुनाव प्रचार के दौरान दोनों ही दलों ने मतदाताओं को रिझाने और जीत के लिए एडी से चोटी का जोर लगाया है। भाजपा ने अपने प्रचार अभियान में डबल इंजन सरकार, विकास कार्य, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को मुद्दा बनाया है लेकिन कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, किसानों, युवाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है और जनता से वोट मांगा है। यह चुनाव न सिर्फ दतिया का भावी विधायक तय करेगा, बल्कि आगामी प्रादेशिक राजनीति के समीकरणों और दोनों प्रमुख दलों के राजनीतिक प्रभाव का भी फैसला करेगा।
गौरतलब है कि चुनाव प्रचार 28 जुलाई 2026 शाम 6 बजे थम गया है। अब किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, रैली या पांच से अधिक लोगों की बैठक आयोजित नहीं की जा सकेगी। हालांकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार घर-घर जाकर व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से प्रचार की अनुमति रहेगी। जिले की सीमाओं पर जांच चौकियां स्थापित कर आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी । मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी का चुनाव कार्यालय संचालित नहीं किया जा सकेगा तथा भीड़ एकत्रित करने की अनुमति भी नहीं होगी।
मतदान के लिए बुधवार को सामग्री का वितरण
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन 2026 अंतर्गत 30 जुलाई को मतदान सम्पन्न कराने के लिए 29 जुलाई बुधवार को प्रातः 5 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दतिया से सामग्री का वितरण किया जायेगा। इसके लिए आदेश जारी कर विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र दिव्यांग मतदाताओं को डाक मतपत्र के माध्यम से घर पर ही मतदान की सुविधा प्रदान की गई।
