सावन में महाकाल दर्शन करने जा रहे हैं? पहले जान लें उज्जैन का नया ट्रैफिक और पार्किंग प्लान
सावन के महीने में उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखने को मिलती है। दरअसल, श्रावण के हर सोमवार पर बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इसकी के साथ पूरे महीने कांवड़ यात्री बाबा को जल अर्पित करने भी पहुंचते हैं।
सावन का महीना शुरू होने से पहले ही प्रशासन सारी तैयारियां पूरी करने में जुटा है। इसी कड़ी में आने वाले भक्तों की सुविधा को देखते हुए यातायात एवं डायवर्जन प्लान बनाया गया है। सोमवार की सवारी, कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
यहां कर सकेंगे पार्किंग
भीड़ और यातायात प्रबंधन को देखते हुए पहले ही वाहनों का महाकाल क्षेत्र में प्रवेश बंद कर दिया गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु अपने चारपहिया वाहन भील समाज धर्मशाला, कर्कराज, चारधाम मंदिर, मन्नत गार्डन हरिफाटक, कार्तिक मेला ग्राउंड और इम्पीरियल होटल के पास स्थित पार्किंग में खड़े कर सकते हैं।
वहीं दो पहिया वाहन क्षीरसागर मैदान, हरसिद्धि की पाल, टंकी चौराहा स्थित मल्टी लेवल पार्किंग पर खड़े किए जा सकते हैं। हरिफाटक चौराहा से आने वाले श्रद्धालु जंतर मंतर और लालपुल मार्ग से कर्कराज और भील समाज पार्किंग तक जा सकेंगे।
सवारी के दौरान वाहन डायवर्जन
बाबा महाकाल की सवारी हर सोमवार शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से निकलकर कोट मोहल्ला, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, हरसिद्धि पाल, रामघाट, दानी गेट, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए वापस मंदिर पहुंचती है। सवारी के दिन इंदौर रोड से आने वाले वाहनों को तपोभूमि से डायवर्ट किया जाएगा। देवासगेट से हरिफाटक ब्रिज की ओर बसों और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान दौलतगंज, तेलीवाड़ा और कार्तिक चौक से भी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा।
