Mon. Aug 3rd, 2026

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यात्री बस से 65 किलो डोडाचूरा जब्त, 7 तस्कर गिरफ्तार

मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेशभर में मादक पदार्थों और नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार को नीमच जिले की नयागांव पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक यात्री बस से 65 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के निवासी हैं।

सूत्रों के मुताबिक नयागांव पुलिस चौकी प्रभारी राजेन्द्रसिंह सिसौदिया को 1 अगस्त 2026 की रात मुखबिर से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नीमच-निम्बाहेड़ा हाईवे फोरलेन टोल के पास सघन नाकाबंदी की।

नीमच से राजस्थान जा रहे थे आरोपी

वाहन की चेकिंग के दौरान नीमच से राजस्थान की ओर जा रही सांगवान ट्रेवल्स की बस (क्र. एमपी-44-जेडएफ-4005) को रोका गया है। जब तलाशी ली गई, तो बस में सफर कर रहे 7 संदिग्धों के पास 6 अलग-अलग बैग बरामद हुए। इन बैगों की जांच करने पर उनमें कुल 65 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा पाया गया। पुलिस मौके से ही मादक पदार्थ जब्त कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच भी शुरू हो चुकी है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। इस कार्रवाई नीमच के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त  पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी (जावद) हर्ष राठौर, जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोजसिंह जादौन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम रणजीतसिंह पिता रेशमसिंह रायसिख (35 वर्ष) निवासी ग्राम गाडू, हनुमानगढ़, अजयकुमार पिता बलवन्तसिंह रायसिंह (24 वर्ष) निवासी ग्राम गाडू, अमरजीत पिता दिलीपसिंह रायसिख (51 वर्ष) निवासी सूरेवाला, रविन्द्रसिंह पिता मेजरसिंह रायसिख (39 वर्ष) निवासी ग्राम फतेहपुर, मंगतसिंह पिता महेन्द्रसिंह रायसिख (36 वर्ष) निवासी ग्राम सूरेवाला, जसविन्द्रसिंह पिता किशोरसिंह रायसिख (25 वर्ष) निवासी ग्राम सूरेवाला, रणजीत सिंह पिता कुलवंतसिंह रायसिख (23 वर्ष) निवासी ग्राम सूरेवाला बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed