मध्य प्रदेश में आज से पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, वेतन विसंगति समेत ये हैं प्रमुख मांगें
मध्य प्रदेश में आज (3 अगस्त) से पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने वेतन विसंगति, ग्रेड पे बढ़ाने, कैडर रिव्यू, पारदर्शी तबादला नीति और अतिरिक्त कार्य का उचित भुगतान समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों पर सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी।
ग्रेड पे और वेतन विसंगति सबसे बड़ा मुद्दा
पटवारी संघ का कहना है कि मध्य प्रदेश में नियुक्ति के समय पटवारियों को 2100 रुपये ग्रेड पे मिलता है, जबकि कई अन्य राज्यों में यह इससे अधिक है। संघ की मांग है कि नियुक्ति के समय 2400 रुपये ग्रेड पे और 10 साल की सेवा के बाद 2800 रुपये ग्रेड पे दिया जाए। उनका कहना है कि अधिक मैदानी जिम्मेदारी होने के बावजूद वेतनमान अपेक्षा से कम है।
संघ की ये हैं प्रमुख मांगें
पटवारी कैडर रिव्यू, पारदर्शी तबादला नीति, अतिरिक्त कार्य का उचित भुगतान, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा जल्द कराने और विधिक संरक्षण देने की मांग भी कर रहे हैं। साथ ही वर्षों से लंबित अन्य मांगों का जल्द समाधान करने की बात कही गई है।
इन सेवाओं पर पड़ सकता है असर
हड़ताल के कारण राजस्व विभाग के कई काम प्रभावित हो सकते हैं। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, खसरा-खतौनी, गिरदावरी, कब्जा दिलाने जैसे कार्यों के अलावा पीएम किसान सम्मान निधि के रिकॉर्ड सत्यापन, सारा पोर्टल, आरसीएमएस, सीएम हेल्पलाइन और अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना है। इससे किसानों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
