मध्यप्रदेश सरकार के 2,400 करोड़ के नए कर्ज पर कांग्रेस हमलावर, जीतू पटवारी ने बढ़ती उधारी पर मांगा जवाब
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा एक बार फिर 2,400 करोड़ का कर्ज लिए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने सरकार पर लगातार बढ़ती उधारी के जरिए राज्य पर वित्तीय बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार की कर्ज नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि चालू वित्त वर्ष में अब तक लगभग 47,800 करोड़ की उधारी ली जा चुकी है और राज्य की कुल देनदारियां 5.36 लाख करोड़ से अधिक हो गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बढ़ते कर्ज को लेकर जवाब मांगा है।
कांग्रेस नेता ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “कर्ज लेकर शुद्ध-घी पीने एवं कमीशन-करप्शन के सरकारी कल्चर ने हद पार कर दी है। जवाब तैयार रखें। जनता इस लूट का हिसाब लेगी।” कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार कर्ज लेकर अपना खर्च चला रही है, लेकिन इस बढ़ती उधारी का बोझ आखिरकार प्रदेश की जनता पर ही पड़ेगा।
