Fri. Aug 21st, 2026

मैं सिर्फ एक बार उससे बात करना चाहती थी मंगेतर ने शादी से किया इनकार, तो युवती ने उठाया खौफनाक कदम

इंदौर  इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में सगाई टूटने के बाद 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। स्वर्ण बाग कॉलोनी निवासी मारिया ने गुरुवार देर रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर छोटी बहन ने उससे वजह पूछी तो उसने जहर खाने की बात बताई। परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता उमर शेख के अनुसार, मारिया की सगाई 15 जून 2025 को आजाद नगर निवासी सोहेल उर्फ साहिल से हुई थी। परिवार इस साल दोनों की शादी कराने की तैयारी कर रहा था। हालांकि करीब आठ दिन पहले सोहेल ने फोन पर मारिया से कहा कि वह अब शादी नहीं करना चाहता और सगाई खत्म कर रहा है। परिजनों ने जब सोहेल के परिवार से संपर्क किया तो उन्होंने भी लड़के के फैसले का हवाला देते हुए मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।

परिवार का कहना है कि सगाई टूटने के बाद से मारिया मानसिक तनाव में थी। वह पिछले आठ दिनों से सोहेल से कम से कम एक बार मिलकर बात करना चाहती थी, लेकिन कथित तौर पर सोहेल ने मिलने और बातचीत करने से इनकार कर दिया। बताया गया है कि सोहेल आजाद नगर इलाके में जूस की दुकान चलाता है। लगातार संपर्क की कोशिश और शादी टूटने के सदमे के बीच मारिया ने यह कदम उठाया।

परिजनों ने यह भी बताया कि सोहेल ने मारिया पर किसी दूसरे युवक से मोबाइल पर बातचीत और चैटिंग करने का आरोप लगाया था। उसका कहना था कि मारिया उसे पर्याप्त समय नहीं देती थी। परिवार की ओर से दोनों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले में मर्ग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस परिवार के बयानों और सामने आए आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक परिस्थितियों और इसके पीछे की वजहों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed