शिवपुरी में राशन वितरण में गड़बड़ी के विरोध में सड़क पर उतरे ग्रामीण, अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला चक्काजाम
शिवपुरी जिले के उदयपुरा गांव में शुक्रवार शाम को आदिवासी परिवार कम खाद्यान्न और शक्कर ना मिलने के विरोध में सड़क पर चक्का जाम पर बैठ गए। ग्रामीणों ने राशन वितरण में मनमानी करने का आरोप लगाया है।
बीच सड़क पर चक्का जाम कर बैठे ग्रामीणों के प्रदर्शन की वजह से इस मार्ग से निकलने वाले लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग सड़क पर बैठे ग्रामीणों को देखकर यह सोचते नजर आए के आखिरकार अब वह निकलेंगे कहां से। मामले की जानकारी लगने के बाद प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया।
