नेपाल में प्रिंसिपल ने 900 छात्रों की जान बचाई:चेतावनी मिलते ही स्कूल खाली कराया; कुछ देर में पूरी इमारत बही; अब तक 1000+ मौतें
नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के दौरान एक स्कूल प्रिंसिपल के समय पर लिए फैसले से करीब 900 छात्रों की जान बच गई। त्रिशूली सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र दवाड़ी को बाढ़ की चेतावनी मिली तो उन्होंने तुरंत स्कूल खाली करा दिया और छात्रों को ऊंची जगह भेज दिया।
स्कूल में कुल 1,643 छात्र पढ़ते थे। हादसे के वक्त करीब 900 छात्र कैंपस में मौजूद थे। दवाड़ी छात्रों के साथ पास की पहाड़ी पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद पानी, कीचड़, चट्टानों और मलबे का तेज बहाव स्कूल की पूरी इमारत को बहा ले गया। स्कूल के दो कर्मचारी समय पर बाहर नहीं निकल सके और अब भी लापता हैं।
26 अगस्त को तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल के कई इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ। इस आपदा में नेपाल और तिब्बत में अब तक 1003 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4400 से ज्यादा लोग लापता हैं।
बाढ़ प्रभावित इलाकों से 11 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
नेपाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 11 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। रेस्क्यू ऑपरेशन में नेपाल सेना समेत 22 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के प्रवक्ता शांति महत के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में 16 हेलिकॉप्टर भी रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में लगाए गए हैं।
पेड़ों पर चढ़कर बचा 8 साल का बच्चा, मां से मिला
नेपाल में बाढ़ के दौरान पेड़ों पर चढ़कर जान बचाने वाला 8 साल का जोयल घाले अपनी मां से मिल गया। रसुवा में बाढ़ आने के बाद जोयल अपने दोस्त के साथ स्कूल से निकलकर जंगल की ओर भागा और पेड़ों पर चढ़ गया था।
बुधवार को बाढ़ के बाद वह घायल हालत में मिला। उसका पैर टूट गया था और चेहरे पर चोटें आई थीं। गुरुवार को उसे रसुवा से एयरलिफ्ट कर नुवाकोट के अस्पताल लाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे काठमांडू भेज दिया गया।
जोयल की मां माटी माया तमांग अलग-अलग राहत शिविरों और लापता लोगों की सूची में अपने दोनों बेटों को खोज रही थीं। कई जगह नाम नहीं मिलने के बाद उन्हें लगा कि दोनों बच्चे बाढ़ में मारे गए होंगे।
बाढ़ प्रभावित इलाके से डेढ़ महीने का बच्चा रेस्क्यू
नेपाल के रसुवा में बाढ़ प्रभावित इलाके से डेढ़ महीने के बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। बचाव टीम बच्चे को रसुवा के धांगे कैंप लेकर पहुंची।
बाढ़ प्रभावित इलाकों को 21 दिन में सामान्य करने की तैयारी
नेपाल सरकार ने रसुवा के भोटेकोशी नदी से प्रभावित इलाकों में 21 दिन के अंदर जरूरी काम पूरा करने के लिए एक टास्क फोर्स बनाया है। इसका मकसद लोगों की जिंदगी जल्द से जल्द सामान्य करना है।
टास्क फोर्स सड़क, पुल, पेयजल, झूला पुल, संचार और स्वास्थ्य सेवाएं फिर से शुरू कराने का काम देखेगा। बाढ़ से जहां ज्यादा नुकसान हुआ है, वहां पहले काम किया जाएगा। चिलिमे में सुरंग तक पहुंची भारतीय टीम
भारतीय टनल रेस्क्यू टीम नेपाली सेना के साथ चिलिमे और लांगटांग की हाइड्रोपावर परियोजनाओं में खोज अभियान चला रही है। चिलिमे में खराब मौसम और मुश्किल रास्ते के बावजूद टीम सुरंग तक पहुंच गई और अंदर सुरक्षा रस्सियां लगाईं।
लांगटांग में टीम ने सुरंग के अंदर 185 मीटर तक जांच की। बचाव अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने X पर इसकी जानकारी दी।
158 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया
बाढ़ के बाद 158 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भारत की फोरेंसिक और टनल रेस्क्यू टीमें नेपाल में खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।
काठमांडू में भारतीय फोरेंसिक टीम ने नेपाल पुलिस की फोरेंसिक साइंस लैब के विशेषज्ञों के साथ काम किया। दोनों देशों की टीमों ने जांच और दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया पर चर्चा की।
नेपाल से बहकर उत्तर प्रदेश पहुंचे 17 शव
नेपाल बाढ़ में बहे लोगों के 17 शव उत्तर प्रदेश में गंडक नदी से मिले हैं। इनमें 13 शव कुशीनगर के खड्डा और तमकुही राज तहसीलों में मिले।
वहीं, महाराजगंज से मिले 4 शव को सोमवार को नेपाल प्रशासन को सौंप दिए गए, जिनमें 3 महिलाएं थीं। अधिकारियों के मुताबिक, पहचान न होने पर पोस्टमॉर्टम के दौरान DNA सैंपल लिए गए हैं।
उधर, बाढ़ से पहले जरूरी डेटा साझा न करने के आरोपों पर चीन ने कहा कि उसके वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल सेंटर ने 12 दिन पहले ही नेपाल को ईमेल भेजकर भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की चेतावनी दी थी।
