ग्वालियर में प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव CM मोहन यादव, सिंधिया और तोमर पहुंचे; बड़ी पुष्पमाला से हुआ स्वागत, किसान हितैषी योजनाओं का होगा शुभारंभ
ग्वालियर में बुधवार को प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव शुरू हो गया है। मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे हैं। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ी पुष्पमाला से स्वागत किया गया। किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित महोत्सव में किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल समेत किसान हितैषी योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
किसानों और पैक्स संस्थाओं का होगा सम्मान
महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव पैक्स के नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र देंगे। प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों और पांच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चेक वितरित किए जाएंगे। गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले जिले के तीन किसानों को राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार और मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
5 हजार से ज्यादा जवान-अफसर सुरक्षा में
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई मंत्रियों के शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा के लिए 5 हजार से ज्यादा जवान और अफसर तैनात किए गए हैं।
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग
बलराम जयंती महोत्सव में शहर के बाहर से आने वाले वाहनों के लिए यातायात पुलिस ने अलग-अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था की है। बसों, चार पहिया वाहनों और ट्रैक्टरों के लिए अलग-अलग एंट्री रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को दोपहर 12 बजे तक निर्धारित पार्किंग में पहुंचना था।
