Tue. Sep 22nd, 2026

ग्वालियर में वेयरहाउस में BA छात्रा से गैंगरेप काम ज्यादा है’ कहकर रोका; संचालक बोले- किसी को बताया तो मार डालेंगे

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस में 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। वेयरहाउस संचालकों ने ‘काम ज्यादा है’ कहकर छात्रा को देर शाम तक रोके रखा। कर्मचारियों के जाने के बाद दोनों ने चैनल गेट अंदर से बंद कर दिया। इसके बाद छात्रा से दुष्कर्म किया।

गोला का मंदिर पुलिस के मुताबिक, वारदात 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे पटरी रोड स्थित वेयरहाउस में हुई। छात्रा बीए प्रथम वर्ष में पढ़ती है। परिवार की आर्थिक मदद के लिए यहां पार्ट टाइम काम करती थी।

पुलिस के मुताबिक, उस दिन काम खत्म होने के समय वेयरहाउस संचालक आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा ने रोक लिया। कर्मचारी काम खत्म कर वहां से चले गए। इसके बाद वेयरहाउस में छात्रा और दोनों संचालक ही रह गए।

गेट बंद कर दिया, विरोध पर धमकाया

आरोप है कि कर्मचारियों के जाने के बाद दोनों संचालकों ने चैनल गेट अंदर से बंद कर दिया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उसे धमकाया। घटना के बाद आरोपियों ने किसी को कुछ बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। डर के कारण वह कई दिनों तक चुप रही।

हालत देखकर परिजन को बताई घटना

घटना के बाद छात्रा के व्यवहार और हालत में बदलाव देखकर परिजन ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसने पूरी घटना के बारे में उन्हें बताया। इसके बाद सोमवार को छात्रा अपने परिजन के साथ गोला का मंदिर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

करीब 15 दिन पहले शुरू हुआ था वेयरहाउस

थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया- आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा पार्टनरशिप में यह वेयरहाउस चलाते हैं। वेयरहाउस करीब 15 दिन पहले ही शुरू किया गया था। यहां ई-कॉमर्स कंपनी के प्रोडक्ट की पैकेजिंग का काम होता है।

दोनों आरोपियों की तलाश

उन्होंने बताया- शिकायत के आधार पर छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा के खिलाफ गैंगरेप और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed