सिटी बस से लेकर दूसरे राज्यों तक लग्जरी बसें
नई व्यवस्था में शहरों के भीतर सिटी बस सेवाएं मिलेंगी, वहीं प्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच भी बस नेटवर्क बढ़ाया जाएगा। दूसरे राज्यों के लिए लग्जरी बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इसके जरिए प्रदेश के प्रमुख शहरों के साथ देश के बड़े महानगरों और प्रमुख तीर्थस्थलों तक लोगों का सफर आसान करने की योजना है।
बस स्टॉप और बस स्टैंड पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
लोक परिवहन सेवा में केवल बसों की संख्या बढ़ाने पर ही जोर नहीं रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप और बस स्टैंड भी विकसित किए जाएंगे। आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के जरिए बसों के संचालन और निगरानी की बेहतर व्यवस्था बनाई जाएगी।
CM बोले- मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक परिवहन बस सेवा की वापसी को मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेट्रो सेवा की शुरुआत के बाद अब सड़क परिवहन में भी लोगों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम ने कहा कि सरकार बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ लोगों के आवागमन को भी सुगम बनाने पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर इस लोक परिवहन सेवा की शुरुआत की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “यह निर्णय प्रदेश की जनता के लिए सुविधा, कनेक्टिविटी और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
इस भव्य समारोह में प्रदेशभर से करीब 15 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। दरअसल, इतनी बड़ी भीड़ और गाड़ियों की आवाजाही को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने सुबह 9 बजे से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है।
जंबूरी मैदान और करियर कॉलेज में पार्किंग
बाहर के जिलों जैसे सीहोर, विदिशा, राजगढ़ और नर्मदापुरम से आने वाली बसों को भेल गेट नंबर-6 के रास्ते जंबूरी मैदान में पार्क कराया जाएगा। वहीं भोपाल शहर की लगभग 125 यात्री बसें प्रभात चौराहा और आईटीआई तिराहे से होते हुए हेमा स्कूल के पास सवारियां उतारेंगी। आपको बता दें कि इन बसों को बाद में करियर कॉलेज के पीछे और गुलाब उद्यान वाले इलाके में खड़ा किया जाएगा, ताकि मैदान के पास जाम न लगे।