कोटा- खाना बनाने को लेकर हुआ झगड़ा,पत्नी ने किया सुसाइड चुन्नी से फंदा बनाकर पंखे पर लटकी, रोशनदान काटकर अंदर गया युवक
कोटा में खाना बनाने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद पत्नी ने सुसाइड कर लिया। महिला सोमवार सुबह कमरे मे फंदे पर लटकी मिली। घटना उद्योग नगर थाना क्षेत्र में कंसुआ अफोर्डेबल योजना में स्थित फ्लैट की है।
मौके पर पहुंचे एएसआई गिर्राज मीणा ने बताया- महिला की पहचान सरस्वती महावर (39) के रूप में हुई है। जो दो साल से पति और बेटी के साथ इस फ्लैट में किराए पर रह रही थी। पति टाइल्स लगाने का काम करता है। सोमवार सुबह 8 बजे खाना बनाने को लेकर सरस्वती का पति से विवाद हुआ था।
चुन्नी से फंदा बनाकर पंखे से लटकी महिला
पति ने खाना बनाने के लिए कहा था, लेकिन पत्नी ने मना कर दिया था। इसके बाद झगड़ा बढ़ गया। झगड़े के बाद सरस्वती कमरे में चली गई और चुन्नी से फंदा बनाकर पंखे से लटक गई। इस दौरान पति घर पर ही था। पति ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोशनदान से देखने पर महिला पंखे से चुन्नी के फंदे से लटकी हुई नजर आई।
रोशनदान काटकर अंदर गया युवक
पुलिस ने रोशनदान को कटवाकर एक व्यक्ति को अंदर भेजा। इसके बाद फ्लैट का गेट खोला गया और महिला को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
