वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी के चलते 4.30 घंटे ट्रैक पर फंसे रहे यात्री, खाने-पानी तक की हुई दिक्कत
वाराणसी-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना हुई ट्रेन बिहार के रोहतास जिले के पास अचानक रुक गई और करीब साढ़े चार घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। प्रीमियम श्रेणी की इस ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने खाने-पीने और पानी की समस्या की शिकायत की, जबकि रेलवे की तकनीकी टीम को मौके पर पहुंचकर खराबी दूर करनी पड़ी।
दरअसल शुक्रवार शाम को वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या 20888 अपने निर्धारित समय से लगभग 10 मिनट की देरी से वाराणसी कैंट स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक सामान्य रूप से पहुंची, लेकिन इसके बाद रोहतास जिले के कुम्हउ और सासाराम स्टेशन के बीच तकनीकी समस्या सामने आ गई। जानकारी के अनुसार ट्रेन के ब्रेक सिस्टम में खराबी आने के कारण उसे बीच रास्ते में रोकना पड़ा। रेलवे अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद सासाराम से तकनीकी टीम मौके के लिए रवाना की गई।
तकनीकी खराबी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
वहीं वंदे भारत जैसी आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेन में आई इस खराबी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ट्रेन करीब साढ़े चार घंटे तक एक ही स्थान पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन सुनसान इलाके में खड़ी थी और लंबे इंतजार के दौरान उनके पास मौजूद खाने-पीने का सामान खत्म होने लगा। कुछ यात्रियों ने पानी की कमी की भी शिकायत की।
करीब 5 घंटे की देरी से पहुंची ट्रैन
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे अधिकारियों के अनुसार तकनीकी समस्या को पूरी तरह दूर कर दिया गया है और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि इस घटना के कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब पांच घंटे की देरी से सासाराम पहुंची। सामान्य दिनों में शाम 5:40 बजे पहुंचने वाली ट्रेन रात 10:54 बजे स्टेशन पर पहुंच सकी।
