पिथौरागढ़, बागेश्वर सहित चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता में रामनगर, बागेश्वर, स्पोर्ट्स हॉस्टल देहरादून, पिथौरागढ़ की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। रामनगर ने मुनस्यारी, बागेश्वर ने स्पोर्ट्स कॉलेज हल्द्वानी, स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने चंपावत और पिथौरागढ़ ने क्वींस क्लब हल्द्वानी को हराया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देवसिंह मैदान में खेले जाएंगे।
स्टेडियम में बुधवार को चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला क्वार्टर फाइनल रामनगर और जोहार क्लब मुनस्यारी के बीच हुआ जिसमें रामनगर की टीम ने 5-3 से जीत दर्ज की। दूसरे क्वार्टर फाइनल में बागेश्वर ने स्पोर्ट्स हॉस्टल हल्द्वानी को 3-2 हराया। तीसरे क्वार्टर फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल देहरादून ने चंपावत को 4-0 से हराया। चौथे क्वार्टर फाइनल में पिथौरागढ़ ने क्वींस क्लब हल्द्वानी को 8-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह ने सभी का आभार जताया। निर्णायक चंद्र सिंह धामी, कैलाश लस्पाल, मनोज सिंह कनवाल, नितिन उप्रेती, जगदीश कसन्याल, मयंक तिवारी रहे। मैचों में मुख्य अतिथि व्यापार सिंह अध्यक्ष तपन रावत, महासचिव रोहित चौहान, जिला मुख्य कल्याण अधिकारी डीएन द्विवेदी, श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह, कै. हरि सिंह थापा जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष कमल पुनेड़ा, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बहादुर सिंह बोहरा, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत, हिमालया स्कूल के प्रबंधक हीरा सिंह खाती मौजूद थे।
