सुक्की के प्रथम मोड़ से झाला तक सड़क का दोबारा सर्वे शुरू
उत्तरकाशी। सुक्की के प्रथम बैंड से झाला पुल तक हुए सड़क के सर्वे पर स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब बीआरओ ने दोबारा सर्वे शुरू कर दिया है। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि दोबारा सर्वे अभी प्रथम चरण में है। पूरा सर्वे होने के बाद ही इसके एलाइमेंट बदलने पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बीआरओ की ओर से चारधाम यात्रा और अंतरराष्ट्रीय सीमा तक आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन से चार वर्ष पूर्व सुक्की के प्रथम मोड़ से झाला पुल तक तीन किमी सड़क का सर्वे किया गया था। इस पर सुक्की सहित जसपुर आदि गांव के ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी और राज्य व केंद्र सरकार से सर्वे बदलने की मांग की थी। ग्रामीणाें का कहना था कि अगर सड़क सुक्की के प्रथम मोड़ से सीधा झाला पुल तक जाती है तो इससे चारधाम यात्रा के दौरान सुक्की सहित जसपुर आदि गांव के लोगों का रोजगार प्रभावित होगा। स्थानीय लोगों की मांग पर अब बीआरओ ने इस सड़क के निर्माण के लिए दोबारा सर्वे शुरू करवा दिया है। वहीं बीआरओ के कमांडर विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि अभी यह सर्वे प्रथम चरण में चल रहा है। अंतिम सर्वे के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि सड़क का एलाइनमेंट कहां से बदला जाएगा।
