औचक निरीक्षण:एसडीएम को नगर परिषद निरीक्षण में मिली अनियमितता समय पर नहीं आने पर तीन कार्मिकों को नोटिस थमाए
बालोतरा उपखंड अधिकारी नरेश सोनी ने मंगलवार को नगर परिषद का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों व कार्मिकों का उपस्थिति रजिस्टर देखा। समय पर नहीं आने व कार्य में अनियमितताएं बरतने पर तीन कार्मिकों को नोटिस जारी किए। वहीं करीब दो घंटे तक अधिकारियों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, शहर में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। वहीं इस दौरान शहरवासियों की शिकायतों पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दरम्यान शहर में चल रहे विभिन्न सड़क कार्यों में घटिया सामग्री उपयोग करने व नई सड़कों के कुछ ही दिनों में टूटने को लेकर लोगों ने शिकायतें की। इस संबंध में एसडीएम के सख्ती से निर्देश देने पर संबंधित अधिकारियों ने होली से पहले कार्य सही करवाने की बात कही। एसडीएम नरेश सोनी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे।
जहां उन्होंने विकास शाखा, पट्टा शाखा सहित शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दरम्यान समय पर नहीं आने व कार्य में अनियमितताएं मिलने पर एएसआई ओमप्रकाश हंस, पट्टा शाखा के धीरज कुमार को नोटिस जारी किए गए। वहीं बिना पूर्व सूचना के अवकाश पर रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं अधिकारियों को चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, पालनहार, पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर निर्देश दिए।
वहीं गत कुछ दिनों से पट्टा शाखा से फाइलें गायब होना, पट्टे के लिए लोगो को चक्कर कटवाने सहित शाखा से संबंधित शिकायतों के बारे में जानकारी ली। वहीं अनियमितताएं पाए जाने पर पट्टा शाखा कार्मिक धीरज कुमार को नोटिस जारी किया गया। इस दौरान वार्ड सं. 7 के रहवासियों ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि उनके वार्ड में हाल ही में सड़क का निर्माण करवाया गया है,
कार्य इतना घटिया किया गया है कि कुछ ही दिनों में सड़क टूट गई है। इस पर वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एसडीएम ने जेईएन से जानकारी मांगी तो उन्होंने होली से पहले इसका कार्य सही तरह से करवाने की बात कही।
