हॉफ मैराथन में कृष्ण और वंदना ने मारी बाजी
संस्थान खेल परिषद और आईआईटी की ओर से संस्थान की 175वीं वर्षगांठ पर आयोजित हाफ मैराथन में आईआईटी के अलावा सीबीआरआई, बीईजी, एनआईएच समेत अन्य कई शैक्षिक संस्थानों ने भाग लिया। इसमें पुरुष वर्ग में कृष्ण, महिला वर्ग में वंदना और छात्र वर्ग में प्रणव गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया।
रविवार को आईआईटी की 175वीं वर्षगांठ के मौके पर संस्थान खेल परिषद एवं संस्थान की ओर से हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। मौके पर बीईजी, एनआईएच, सीबीआरआई समेत विभिन्न स्थानों के कुल 450 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। महिला वर्ग के लिए 11 किमी, पुरुष वर्ग के लिए 21 किमी की दौड़ का आयोजन किया गया। उप निदेशक प्रो. मनोरंजन परिदा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संस्थान के निदेशक प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। पुरुष वर्ग में कृष्ण पंवार प्रथम, शुभम सिंह थरियाली दूसरे एवं हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में वंदना पहले, शेरी राज दूसरे और शिप्रा वर्मा तीसरे स्थान पर रही। छात्र वर्ग में प्रणव गुप्ता प्रथम, सुनीत नंदली दूसरे एवं धीरज ढिल्लो तीसरे स्थान पर रहे। तीनों श्रेणियों में से प्रत्येक में शीर्ष 3 धावकों को क्रमश: 11000 रुपये, 7500 रुपये और 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया
