Tue. Jun 23rd, 2026

नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए मनीषा का चयन

पिथौरागढ़। आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट मऊ मध्यप्रदेश में एक सितंबर से हुई 32वीं अखिल भारतीय जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ के दो एनसीसी कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके जूनियर संवर्ग में 80 उत्तराखंड एनसीसी वाहिनी के एलएसएम परिसर की सीनियर अंडर ऑफिसर मनीषा धामी ने नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया जबकि एशियन एकेडमी के हर्षित जोशी ने रजत पदक जीता है।

बटालियन के एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली ने बताया कि आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट और भारत के एनसीसी महानिदेशालय दिल्ली की टीम में शामिल मनीषा ने पीप साइट प्रोन प्रतियोगिता में 600 में से 550 अंक प्राप्त किए। एनसीसी 80 बटालियन पिथौरागढ़ के इतिहास में मनीषा की यह सबसे बड़ी सफलता है। वहीं 22 सपोर्टिंग ओपन साइट में कैडेट हर्षित जोशी ने 600 में से 518 अंक प्राप्त कर रजत पदक जीता। इससे पूर्व केरल में आयोजित अंतर महानिदेशालयी शूटिंग चैंपियनशिप में भी मनीषा ने स्वर्ण और हर्षित ने रजत पदक जीता था।

इस सफलता पर एनसीसी उत्तराखंड निदेशालय के उप महानिदेशक मेजर जनरल पीएस दहिया, ग्रुप कमांडर नैनीताल कमोडोर बीआर सिंह, 80 यूके बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस तड़ागी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रघुनंदन पपनै, सूबेदार परमन थापा, हीरा सिंह, ट्रेनिंग जेसीओ हरेंद्र सिंह, हवलदार विक्रम सिंह आदि ने खुशी जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *