भागलपुर में गंगा नदी में टूटकर गिरा विक्रमशिला सेतु, पुल पर मौजूद थी गाड़ियां; बड़ा हादसा टला
भागलपुर बिहार के भागलपुर जिले में रविवार को एक हादसा हो गया। यहां गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा देर रात को गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बता दें कि यह विक्रमशिला सेतु 4.7 किलोमीटर लंबा है, जो भागलपुर और नवगछिया को जोड़ता है। वहीं इस हादसे को लेकर जिलाधिकारी का कहना है कि यातायात को रोक दिया गया है। कोई भी हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं विपक्ष ने इस हादसे के बाद सरकार पर निशाना साधा है।
नदी में टूटकर गिरा पुल का हिस्सा
वहीं हादसे को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने कहा, “रात करीब 12:50 बजे विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 133 के पास दो स्लैब के बीच दरार बन गई। इसके कुछ ही देर बाद एक बड़ा स्लैब नदी में गिर गया।” उन्होंने कहा कि किसी वाहन के स्लैब के साथ गिरने, किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा, “जैसे ही अधिकारियों को दो स्लैब के बीच दरार बनने की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां से सभी वाहनों और लोगों को हटा दिया।”
वैकल्पिक मार्ग से जाने की अपील
जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पुल के नवगछिया और भागलपुर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया है। उन्होंने इन दोनों स्थानों के बीच यात्रा करने वाले लोगों से मुंगेर के रास्ते वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की। घटना के संभावित कारणों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “एक विशेषज्ञ इंजीनियरिंग समिति का गठन किया गया है, जो इस घटना की जांच करेगी और ध्वस्त होने के कारणों का पता लगाएगी। विशेषज्ञ टीम इस घटना की गहन जांच करेगी।”
विपक्ष ने साधा निशाना
घटना को लेकर पप्पू यादव ने ‘एक्स’ पर राज्य के पथ निर्माण विभाग और सेतु निर्माण से जुड़ी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही थी। वहीं राजद ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा सेतु के कमजोर पाए को लेकर बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन ने समय रहते आवश्यक मरम्मत कार्य नहीं कराया, जिसके कारण यह घटना हुई।
