Tue. Oct 6th, 2026

नकाबपोशों ने कट्टा अड़ाकर बाइक, मोबाइल और 10 हजार लूटे ग्वालियर में बबूल के कांटों वाले डंडे से किया हमला, CCTV से रूट तलाश रही पुलिस ग्वालियर6 घंटे पहले

ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में रविवार रात दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दो भाइयों को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले बबूल के कांटों वाले डंडे से युवक पर हमला किया, फिर देशी कट्टा अड़ाकर दोनों से मारपीट की।

आरोपी बाइक, दो मोबाइल और जेब में रखे 10 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना भैरों बाबा मंदिर के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

झाड़ियों से निकलकर बाइक के सामने आए बदमाश

चिरवाई नाका निवासी जितेंद्र कुशवाह (34) पुत्र धीर सिंह कुशवाह रविवार रात करीब 10:30 बजे अपने भाई रितिक कुशवाह के साथ लोहिया बाजार से सामान खरीदकर बाइक (MP 07 MX-9412) से घर लौट रहे थे। दोनों लिटिल एंजिल स्कूल के सामने से भैरों बाबा मंदिर की ओर मुड़े थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास से दो नकाबपोश बदमाश अचानक बाइक के सामने आ गए।

एक बदमाश ने बबूल के कांटों से भरे डंडे से जितेंद्र के हाथ पर वार किया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर रुक गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने भाइयों से मारपीट की और देशी कट्टा अड़ाकर उनकी जेब से 10 हजार रुपए और दो मोबाइल फोन छीन लिए।

बाइक लेकर मेन रोड की ओर भागे

लूट के बाद बदमाश दोनों भाइयों की बाइक भी लेकर मेन रोड की ओर भाग निकले। जितेंद्र और रितिक ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में निकल गए। इसके बाद जितेंद्र ने एक राहगीर के मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन के पहुंचने पर दोनों भाई कंपू थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश

कंपू पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों के फुटेज भी जुटाए जा रहे हैं।

थाना प्रभारियों को चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

घटना के बाद पुलिस ने शहर में चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, नाकाबंदी और सघन चेकिंग करने के लिए कहा गया है।

कंपू थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि दो युवकों से मारपीट कर दो बदमाशों ने बाइक, दो मोबाइल और नकदी लूटी है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed